Uttar Pradesh

यूपी: एटा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 6 लोगों की मौत, कई लोग अभी भी मलबे में दबे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट होने से 6 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि अभी भी कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। तीन गंभीर घायलों को आगरा मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया। बाकी का एटा के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मिरहची के मोहल्ला गड्ढा के एक मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे। मुन्नी देवी के नाम पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस था। इस घटना के वक्त कई लोग फैक्ट्री में मौजूद थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे मकान में तेज धमाका हुआ। इसके बाद कई और धमाके हुए। धमाकों की आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए। चारों ओर धुंआ ही धुआं छा गया। जब धुआं छटा तो मंजर देख लोग की रूह कांप गई। घटना स्थल के आसपास मानव अंग बिखरे पड़े थे।

आशंका जताई जा रही है कि हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। अभी भी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही पंजाब के बटाला में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 23 लोगों की मौत हो गई थी और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH