NationalTop News

दिल्ली चुनाव: सभी एग्जिट पोल में केजरीवाल सरकार, भाजपा को झटका

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को सभी 70 सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। चुनाव में शुरुआती घंटों में मतदान काफी सुस्त रहा। उसके बावजूद यह करीब साठ फीसदी हो चुका है। अब सभी की निगाहें ग्यारह फरवरी के नतीजे पर आ टिकी है। इस बीच कई चैनल्स और एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए हैं। इसमें दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को भारी बढ़त मिलती हुई दिखाई दे रही है जबकि बीजेपी को झटका लगता दिख रहा है।

लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीटें जीतने वाली भाजपा को 2015 के मुकाबले फायदा दिख रहा है लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से बहुत दूर रहेगी। नौ महीने पहले आम चुनाव में मत प्रतिशत के मामले में राज्य की दूसरी बड़ी पार्टी रही कांग्रेस के अच्छे दिन अभी भी नहीं लौटे। एग्जिट पोल में भी पार्टी को अधिकतम चार सीटें मिलती ही दिख रही हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल आप की दो-तिहाई बहुमत के साथ वापसी तय बता रहे हैं।

वहीं, कुछ ने तीन-चौथाई बहुमत का अनुमान जताया है। नागरिकता कानून (सीएए) और एनआरसी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शनों के बीच हुए चुनाव में मुख्य लड़ाई आप और भाजपा के बीच ही रही। आप ने पांच साल के काम पर वोट मांगा, वहीं, भाजपा ने राष्ट्रवाद, शाहीन बाग को मुद्दा बनाया। 2015 के चुनाव में आप को 70 में से 67 और भाजपा को 3 सीटें मिली थीं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH