नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के धाकड़ बल्लेबाज आरोन फिंच ने वनडे क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। वनडे क्रिकेट में खराब फॉर्म के चलते फिंच को ये फैसला लेना पड़ा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 145 वनडे मैच खेलने वाले एरोन फिंच के बल्ले से पिछली सात पारियों में सिर्फ 26 रन निकले हैं।
हालांकि वह टी20 खेलना जारी रखेंगे और आगे आने वाले टी20 विश्व कप में टीम का नेतृत्व भी करेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा जारी बयान में फिंच ने कहा, “कुछ सुनहरी यादों के साथ यह एक बेहतरीन यात्रा रही है। मैं भाग्यशाली हूं कि मैं इस शानदार टीम का हिस्सा रहा हूं और इन खिलाड़ियों के साथ खेला हूं। लेकिन अब समय आ गया है कि कप्तानी किसी और के हाथ में सौंपा जाए ताकि उन्हें अगले विश्व कप की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिल सके। मेरी इस यात्रा में सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मैं धन्यवाद देता हूं।”
फिंच ने इस साल वनडे क्रिकेट में 13 की साधारण औसत से सिर्फ 169 रन बनाए हैं। अंतिम 12 वनडे पारियों में वह पांच बार शून्य पर आउट हुए हैं। पिछली सात पारियों में उनके नाम सिर्फ 26 रन है।




