EntertainmentTop News

जंग के बीच UAE में फंसीं ईशा गुप्ता, एक्ट्रेस ने बताई अपनी स्थिति, बोलीं- समय बहुत कठिन है, भारत लौटना चाहती हूं

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते वेस्ट एशिया में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता ने अबू धाबी से फैंस को आश्वस्त किया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार आ रहे मैसेजों का जवाब देते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपडेट साझा किया।

1 मार्च, रविवार को ईशा गुप्ता ने लिखा कि जो लोग उनका हालचाल पूछ रहे हैं, वे जवाब न दे पाने के लिए माफी चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह सुरक्षित हैं, हालांकि समय बेहद डरावना और चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने ईश्वर का शुक्रिया अदा करते हुए सभी प्रभावित लोगों और फंसे हुए लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने यूएई प्रशासन और @modgovae की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताया और उम्मीद व्यक्त की कि वह जल्द ही भारत लौट सकेंगी।

गौरतलब है कि मौजूदा हालात के बीच कई भारतीय सेलिब्रिटी यूएई में मौजूद हैं। फिल्म जन्नत से पहचान बनाने वाली सोनल चौहान और बैडमिंटन चैंपियन पीवी सिंधु भी इस समय इसी क्षेत्र में बताई जा रही हैं।

दरअसल, हालिया घटनाक्रम अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए समन्वित हमलों के बाद शुरू हुआ। इसके जवाब में ईरान ने कथित तौर पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया। स्थिति का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं या रूट बदल दिए हैं। ईरान, इराक, कुवैत, इजरायल और बहरीन के ऊपर का एयरस्पेस काफी हद तक खाली नजर आ रहा है।

यूएई में भी सुरक्षा कारणों से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर संचालन अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच लोगों में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH