साउथ सुपरस्टार धनुष जल्द ही अपनी नई फिल्म D55 (अस्थायी नाम) में नजर आने वाले हैं। हाल ही में इस फिल्म की शूटिंग की शुरुआत हो चुकी है। फिल्म के सेट से पहली तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें मेकर्स ने शनिवार को साझा किया। शूटिंग शुरू होने से पहले सेट पर पारंपरिक पूजा और अर्चना का आयोजन किया गया, जिसके बाद फिल्म का पहला शॉट लिया गया।
इस मौके पर साउथ की चर्चित अभिनेत्री साई पल्लवी भी मौजूद रहीं। फिल्म में धनुष के साथ ममूटी, साई पल्लवी और श्रीलीला अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि धनुष और ममूटी पहली बार किसी फिल्म में एक साथ काम कर रहे हैं, जिसे लेकर दोनों के प्रशंसकों में खासा उत्साह है।
प्रोडक्शन हाउस ने शेयर की सेट से तस्वीरें
फिल्म का निर्माण धनुष के प्रोडक्शन हाउस वंडरबार फिल्म्स के बैनर तले हो रहा है। प्रोडक्शन हाउस ने अपने एक्स अकाउंट पर सेट से तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “जब मुस्कानें एक दमदार शुरुआत का संकेत बनीं। D55 पूजा के कुछ खास पल।” इससे पहले मेकर्स ने साई पल्लवी के फिल्म से जुड़ने की घोषणा करते हुए उनका स्वागत किया था और लिखा था कि वह गरिमा और शक्ति का प्रतीक हैं।
धनुष और साई पल्लवी की हिट जोड़ी फिर साथ
यह दूसरी बार होगा जब साई पल्लवी और धनुष एक साथ स्क्रीन साझा करेंगे। इससे पहले दोनों निर्देशक बालाजी मोहन की फिल्म ‘मारी 2’ में नजर आ चुके हैं। उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था, ऐसे में एक बार फिर उन्हें साथ देखने को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
राजकुमार पेरियासामी कर रहे हैं निर्देशन
फिल्म D55 का निर्देशन राजकुमार पेरियासामी कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले ‘अमरन’ जैसी फिल्म बनाई थी। फिल्म का संगीत साई अभ्यंकर तैयार कर रहे हैं। फिलहाल फिल्म की कहानी और अन्य विवरणों को गोपनीय रखा गया है। धनुष हाल ही में आनंद एल राय की हिंदी फिल्म ‘तेरे इश्क में’ में नजर आए थे। इस फिल्म को दर्शकों से काफी सराहना मिली थी और यह बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही। अब D55 को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।




