पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि भगवंत मान सरकार द्वारा जनता से किए गए वादे अब जमीन पर सच होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच के कारण ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ अब पूरी तरह प्रभावी हो चुकी है।
शनिवार को आप नेता प्रभबीर सिंह बराड़ और गुरप्रताप सिंह संधू के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने बताया कि इस योजना के तहत पंजाब के लगभग 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपए तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। यह योजना विशेष रूप से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए एक बड़ा वरदान साबित हो रही है।
धालीवाल ने योजना की सफलता का उदाहरण गुरदासपुर के गांव गुरदासनंगल निवासी सुलखन सिंह का बताया। सुलखन सिंह, जो दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, अचानक दिल की गंभीर बीमारी से पीड़ित हो गए थे। इलाज का खर्च करीब 3 लाख रुपए बताया गया था, जिसे उनका परिवार वहन नहीं कर सकता था। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत उनका हेल्थ कार्ड केवल एक दिन में तैयार किया गया, और अमृतसर के एक निजी अस्पताल में उनका दिल का सफल ऑपरेशन किया गया और स्टेंट डाले गए, बिना एक भी पैसा खर्च किए।
धालीवाल ने कहा कि सुलखन सिंह का स्वस्थ होकर घर लौटना उन लोगों को करारा जवाब है जो सरकार की नीतियों को केवल ‘जुमलेबाजी’ मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य ध्यान स्वास्थ्य और शिक्षा के ढांचे को मजबूत करना है। पिछली सरकारों के दौरान गरीब वर्ग महंगे इलाज के कारण कर्ज में फंस जाता था या इलाज के अभाव में जीवन गंवाता था। लेकिन भगवंत मान सरकार ने स्वास्थ्य को हर नागरिक का बुनियादी अधिकार बनाया है।
धालीवाल ने बताया कि अस्पतालों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी मरीज को परेशानी न हो और कोई भी अस्पताल कार्ड धारक से अतिरिक्त राशि की मांग न कर सके। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने दशकों तक सत्ता में रहते हुए इन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की, उन्हें आज बदलाव पच नहीं रहा। अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि वे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अपना हेल्थ कार्ड बनवाएं और इस जनकल्याणकारी योजना का पूरा लाभ उठाएं।




