पंजाब में शहीद हुए एएसआई गुरनाम सिंह के पैतृक गांव गदरियां (दीनानगर) में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क और लालजीत सिंह भुल्लर के साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं बटाला विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी तथा डेरा बाबा नानक के विधायक गुरदीप सिंह रंधावा भी मौजूद रहे। नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बुजदिलाना कृत्य, दोषियों को मिलेगी सख्त सजा
मीडिया से बातचीत में मंत्री कटारूचक्क ने कहा कि आधिया चौकी पर ड्यूटी के दौरान एएसआई गुरनाम सिंह और अशोक कुमार की हत्या कायराना हरकत है। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल पुलिस पर नहीं, बल्कि पंजाब की शांति और जनता के सुकून पर है। सरकार शहीदों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देगी और आरोपियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
उन्होंने सीमा पार से हो रही साजिशों का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई लगातार पंजाब के रास्ते भारत को अस्थिर करने की कोशिश करती रही है। पठानकोट एयरबेस और दीनानगर थाने पर हुए हमलों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर ऐसी नापाक कोशिशों को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
युवाओं से अपील, नशे और गैंगस्टरवाद पर सख्ती
मंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे दुश्मन देशों के प्रलोभनों और साजिशों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की पवित्र भूमि है, यहां की एकता और भाईचारे को टूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जल्द ही शहीद परिवारों से मुलाकात करेंगे। सरकार गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी
मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार दोनों शहीद पुलिस जवानों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी और परिवार के योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहीदों की भरपाई संभव नहीं, लेकिन सरकार परिवारों के साथ हर समय खड़ी है।
विपक्ष पर साधा निशाना
भुल्लर ने अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष सरकार की उपलब्धियों से घबराया हुआ है। विधायक शैरी कलसी ने भी कहा कि कुछ ताकतें पंजाब का माहौल खराब करना चाहती हैं, लेकिन शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वारदात के समय राजनीति की जाती है, जबकि पुलिस की तत्परता पर चुप्पी साध ली जाती है।




