NationalTop News

स्पेस से छलांग लगाने वाले स्काइडाइवर फेलिक्स बॉमगार्टनर की मौत, पैराग्लाइडिंग हादसे में गई जान

नई दिल्ली। अंतरिक्ष से धरती पर छलांग लगाकर इतिहास रचने वाले ऑस्ट्रियाई स्काईडाइवर फेलिक्स बॉमगार्टनर का निधन हो गया है। वह इटली के मार्चे क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए एक हादसे का शिकार हो गए। गुरुवार को हुई इस घटना में उनकी उम्र 56 वर्ष थी। इमरजेंसी सेवाओं के अधिकारियों ने उनके निधन की पुष्टि की है।

होटल के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, फेलिक्स एक मोटर चालित पैराग्लाइडर से उड़ान भर रहे थे, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठे और एक होटल के स्विमिंग पूल के पास जमीन से जा टकराए। बताया गया कि घटना के वक्त वह तबीयत बिगड़ने से अपनी उड़ान पर नियंत्रण नहीं रख पाए। इस दुर्घटना में पास में मौजूद एक महिला भी घायल हो गई। यह हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ।

2012 में रचा था इतिहास

फेलिक्स बॉमगार्टनर ने 2012 में पूरी दुनिया को चौंका दिया था, जब उन्होंने अंतरिक्ष के नजदीक 39 किलोमीटर की ऊंचाई से छलांग लगाई थी। इस दौरान वह ध्वनि की गति को पार करने वाले पहले इंसान बने थे। यह छलांग उन्होंने एक विशेष हीलियम गुब्बारे की मदद से स्ट्रेटोस्फियर तक पहुंचकर लगाई थी।

स्थानीय प्रशासन ने जताया शोक

पोर्टो सैंट एल्पिडियो के मेयर मासिमिलियानो सियारपेला ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि उड़ान के दौरान उन्हें अचानक कोई स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत हुई, जिससे वह अपना नियंत्रण खो बैठे। मेयर ने शहर की ओर से फेलिक्स के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH