Top News

ममता ने फ्लाईओवर हादसे में 14 मौतों की पुष्टि की

download (6)

कोलकाता | यहां भीड़भाड़ वाले एक इलाके में एक निर्माणाधीन पुल (फ्लाईओवर) का एक हिस्सा गुरुवार को भरभरा कर वाहनों के ऊपर गिर गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, इस दुर्घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अभी तक दो शव निकाले गए हैं। मलबे के नीचे दबे कम से कम 10-12 लोगों को निकालकर तत्काल ‘कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल’ में दाखिल करा दिया गया। महानगर के उत्तरी हिस्से में घटनास्थल पर कई अन्य लोगों के भी मलबे के नीचे दबे होने की खबरें मिली हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “दो शवों को निकाल लिया गया है।” दुर्घटना अपराह्न लगभग 12.30 बजे हुई।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने 10-12 लोगों को मलबे के नीचे से निकाला है, लेकिन हम नहीं कह सकते कि वे जीवित हैं या मृत।” राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के एक अधिकारी के मुताबिक, घायलों की संख्या लगभग 100 है। आपदा प्रबंधन और ट्रॉमा केयर टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं। उनके साथ ही सैकड़ों स्थानीय लोग भी राहत और बचाव में जुटे हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने बचाव प्रयासों के लिए सेना की मदद की मांग की है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मिदनापुर से कोलकाता के लिए तत्काल रवाना हो गईं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “अचानक एक तेज धमाकेदार आवाज हुई और उसके साथ ही विवेकानंद फ्लाईओवर भरभरा कर गिर गया।” उसने बताया कि पुल वहां से जा रहे वाहनों पर गिर पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, “फ्लाईओवर के मलबे के नीचे 100 से भी ज्यादा लोग दबे हो सकते हैं। काफी लोग हताहत हुए हैं।” मलबे में मानव शरीर के अंग दिखाई दे रहे थे और सड़कों पर खून बिखरा हुआ था। ढाई किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर ‘जवाहरलाल नेहरू नेशनल अर्बन रिन्युअल मिशन’ के तहत लंबे समय से बन रहा है। उम्मीद थी कि इसके निर्माण से बड़ाबाजार इलाके का जाम दूर हो जाएगा। इसका निर्माण 2012 में पूरा किया जाना था, लेकिन कई कारणों से इसमें देरी होती गई।

=>
=>
loading...