Top Newsमुख्य समाचार

कांग्रेस के फॉर्म्युले से दो डेप्युटी सहित सुखविंदर सिंह सुक्खू बन सकते हैं सीएम   

शिमला। हिमाचल प्रदेश में जीत के साथ ही कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर शुरू हुआ मंथन अब एक मुकाम पर पहुंचता दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगा दी है। आधिकारिक घोषणा शाम तक होगी। ऐसे में राज्य कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सीएम रेस से बाहर होती नजर आ रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, हॉली लॉज (वीरभद्र सिंह का निवास) को इस बार सीएम पद नहीं मिलेगा। फॉर्म्युले के तहत मुकेश अग्निहोत्री और प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह हिमाचल के डेप्युटी सीएम होंगे।

कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने वीरभद्र के परिवार को मनाने के लिए डेप्युटी सीएम का फॉर्म्युला रखा है उस पर विक्रमादित्य सिंह राजी हो गए हैं। हाईकमान के फैसले पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बयान दिया कि वह इस बारे में अवगत नहीं हैं। वह फिलहाल CLP (कांग्रेस विधायक दल) की बैठक में जा रहे हैं।

सीएम को लेकर गुटबाजी

बता दें कि हिमाचल में शुक्रवार के बाद आज का दिन भी बेहद हलचल भरा रहा। शुक्रवार रात को विधायकों ने एक प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस आलाकमान को नया सीएम नियुक्त करने के लिए अधिकृत किया था। गुरुवार को नतीजे आने के बाद से ही कांग्रेस में सीएम को लेकर गुटबाजी शुरू हो गई थी। कुछ विधायक सुक्खू को तो कुछ कांग्रेस सांसद और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को सीएम कुर्सी पर देखना चाहते हैं।

15 MLA ने सुखविंदर का समर्थन दिया

इससे पहले शुक्रवार को पर्यवेक्षकों के साथ वन-टु-वन मीटिंग में भी 15 विधायकों ने सुखविंदर के नाम पर सहमति जताई थी। करीब 6 विधायकों ने प्रतिभा सिंह का भी नाम लिया। कुछ विधायकों ने मुकेश अग्निहोत्री को अपनी पसंद बताया। अन्य विधायकों का कहना था कि जो हाईकमान तय करेगा, हमें वो मान्य होगा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH