NationalTop News

9 दिनों के लिए थम जाएगी भारत जोड़ो यात्रा, कंटेनरों की होगी मरम्मत, यात्री करेंगे आराम

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा 9 दिनों के लिए थम जाएगी। 100 दिन पूरे करने के बाद भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी। जिसके बाद नौ दिन का ब्रेक होगा। उसके बाद भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी 2023 को फिर से शुरू होगी। इस दौरान लगातार यात्रा कर रहे भारत जोड़ो यात्री आराम करेंगे और यात्रा में उनके आराम के लिए बनाए गए कंटेनरों की मरम्मत की जाएगी। 24 दिसंबर को दिल्ली में यात्रा निकाली जाएगी और लाल किले पर जाकर राहुल गांधी के संबोधन के बाद यात्रा अगले 9 दिनों के लिए थम जाएगी।

कांग्रेस पार्टी के नेता और मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में आएगी और उसके बाद यात्रा को 9 दिन का ब्रेक दिया जाएगा। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी देते हुए लिखा, “भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी। उसके बाद 9 दिनों का ब्रेक होगा, ताकि कंटेनरों को मरम्मत करके उत्तर में पड़ने वाली कठोर सर्दी के लिए तैयार किया जा सके। साथ ही कई भारत यात्री लगभग 4 महीने बाद अपने परिवार के साथ समय बिता सकें। 3 जनवरी 2023 को यात्रा फिर शुरू होगी।”

भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरु हुई थी। 16 दिसम्बर को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने अपने 100 दिन पूरे किए। 21 दिसंबर को यह यात्रा हरियाणा में प्रवेश करेगी। इसके बाद दिल्ली में 24 दिसंबर को पहुंचेगी। कांग्रेस की यह भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से श्रीनगर तक का 3,570 किमी लंबा मार्च पांच महीने में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगा। फरवरी 2023 की शुरुआत में यात्रा जम्मू-कश्मीर में सम्पन्न होगी। इस समय भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के अलवर जिले में है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH