International

कंबोडिया के होटल में भीषण आग, 19 की मौत, 60 से ज्यादा घायल

नोम पेन्ह। कंबोडिया के एक होटल में भीषण आग लगने से 19 लोगों की मौत हो गई जबकि 60 से अधिक लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है। बंटये मीनचे प्रांत के सूचना विभाग के प्रमुख सेक सोकहोम ने बताया कि ऐसी आशंका है कि कई लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं या बंद कमरों में फंसे हो सकते हैं जहां तक बचाव दल अभी नहीं पहुंच पाए हैं। इसे देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों और घायलों में थाईलैंड, चीन, मलेशिया, वियतनाम और कंबोडिया समेत कई देशों के नागरिक शामिल हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में सीमावर्ती शहर पोईपेट के ग्रैंड डायमंड सिटी कसीनो एंड होटल में आग में घिरे लोगों को छतों से कूदते देखा जा सकता है। होटल के अंदर कर्मचारी और ग्राहक दोनों फंसे हुए हैं जिनमें अधिकतर पड़ोसी देश थाईलैंड से हैं। कंबोडिया की दमकल एजेंसी द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में राहगीरों को होटल परिसर की छत पर फंसे लोगों को बचाने की अपील करते देखा जा सकता है।

फायर प्रिवेंशन एंड रेस्क्यू पुलिस डिपार्टमेंट के फेसबुक पेज पर पोस्ट किए गए एक फुटेज में आग से बचने के लिए कुछ लोगों को नीचे कूदते हुए दिखाया गया है, जबकि कुछ अन्य ऊंची मंजिलों पर फंसे हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति के प्रवक्ता सोथ किम्कोलमोनी ने सिन्हुआ को बताया कि पीड़ितों की पहचान अभी तक उपलब्ध नहीं है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH