Sports

बीसीसीआई ने महेंद्र सिंह धोनी का नाम पद्म भूषण अवॉर्ड के लिए भेजा

नई दिल्ली। बीसीसीआई ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम पद्म भूषण सम्मान के लिए केंद्र सरकार को भेजा है। धोनी ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ 300 वनडे खेलने का रिकॉर्ड बनाया था। इसी के साथ वनडे में 100 स्टंपिंग करने वाले दुनिया के इकलौते विकेट कीपर बने थे।

धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में मुश्किल हालातों में बल्लेबाजी करते हुए अपने इंटरनेशनल करियर का 100वां अर्धशतक लगाया। बीसीसीआई के कार्यकारी अध्यक्ष सी.के. खन्ना ने कहा कि जी हां, यह सत्य है। हमने पद्म भूषण के लिए धौनी के नाम की सिफारिश की है।”

इससे पहले, दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, राहुल द्रविड़ और चंदू बोर्डे को इस सम्मान से नवाजा जा चुका है। साल 2004 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट में पदार्पण करने वाले धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में टी-20 और 2011 में एकदिवसीय विश्व कप का खिताब जीता था।

इसके अलावा, धोनी की ही कप्तानी में 2013 में भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट भी जीता था और टेस्ट क्रिकेट रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया था। अपने करियर में अब तक खेले गए 90 टेस्ट मैच में धौनी ने 4,876 रन बनाए हैं। इसमें छह शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं।

इसके अलावा, धोनी वनडे प्रारूप में भारत के सबसे अधिक रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। वनडे में उन्होंने 302 मैच खेलते हुए 9,739 बनाए हैं। इसमें 10 शतक औक 66 अर्धशतक शामिल हैं। टी-20 प्रारूप में धौनी ने 78 मैचों में 1,212 रन बनाए हैं।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH