RegionalTop News

पंजाब में 90% घरों को मुफ्त बिजली, फिर भी मुनाफे में बिजली विभाग: सीएम भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में राज्य के बिजली क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि जो बिजली विभाग पहले घाटे में था, वह अब 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली देने के बावजूद मुनाफा कमा रहा है। सीएम मान के अनुसार, सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की व्यवस्था की है, जिससे अधिकांश परिवारों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं। साथ ही, राज्य में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए 540 मेगावाट का गोइंदवाल थर्मल पावर प्लांट खरीदकर उपलब्धता में सुधार किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसानों को अब निर्बाध बिजली मिल रही है और सिंचाई के लिए नहरी पानी के उपयोग में भी बड़ा इजाफा हुआ है। पहले जहां यह आंकड़ा 22 प्रतिशत था, अब बढ़कर 78 प्रतिशत हो गया है और इसे धान सीजन तक 90 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में कमी की गई है, जबकि नए सबस्टेशन और ट्रांसफार्मरों के जरिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है। उन्होंने रोजगार सृजन का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली क्षेत्र में 9593 युवाओं को नौकरी दी गई है और करीब 1750 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब बिजली विभाग को ए+ रेटिंग मिली है और राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल हुआ है, जो राज्य को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। सीएम मान ने दावा किया कि उनकी सरकार ने बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाले लोगों को सस्ती और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराकर रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि धान सीजन के दौरान किसानों को आठ घंटे से अधिक बिजली दी गई और दिन के समय 95 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 5 जून 2025 को पंजाब ने 16,670 मेगावाट की रिकॉर्ड बिजली मांग को पूरा किया, जो पहले के सभी रिकॉर्ड से अधिक है। नई योजना की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के खेतों से गुजरने वाली हाई-टेंशन तारों को भूमिगत करने की योजना जल्द शुरू की जाएगी। इससे किसानों और उनकी फसलों को जोखिम से राहत मिलेगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH