नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में ऐसे लुटेरे को पकड़ा है जो अपनी बहन के साथ मिलकर फ़र्जी की शादियां करता था। और शादी होने के बाद उन्हें लूट कर भाग जाता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इन दोनों ने देश के कई राज्य में लूट की घटना को अंजाम दिया था।
लुटेरे दूल्हे तरुण शर्मा और इसकी कथित बहन दुर्गांशु शर्मा को सेक्टर-71 से गिरफ्तार किया। इनके पास से 15 से ज्यादा अलग-अलग नाम से आधार कार्ड, कार की कई फर्जी नंबर प्लेट, एक न्यूज चैनल का स्टीकर लगी हुई चोरी की कार भी बरामद हुई है। इन दोनों आरोपियों पर नोएडा पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था।
एसएसपी डॉ. अजयपाल ने बताया कि तरुण की कथित बहन ही मेट्रिमोनियल वेबसाइट से नौकरीपेशा करने वाली लड़की को चुनती थी। उसके बाद वह अपने भाई लुटेरे दूल्हे के जरिए फोन पर बात कराती थी। शादी करने के लिए टारगेट की गई लड़की को दूल्हा बना लड़का न्यूज चैनल का डायरेक्टर बताता था।
भरोसा जीतने के लिए 10 रुपए के स्टांप पेपर पर बिना दहेज लिए शादी करने का लालच भी देता था। इसके बाद लुटेरे दूल्हे की बहन खुद को ब्रेन ट्यूमर का मरीज बताकर लड़की को अपने भाई का जल्दी घर बसाने का झांसा दे देती थी। इन दोनों की बातों में लड़की फंसकर एक दो महीने के भीतर ही शादी कर लेती थी।