लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में जमीनी रंजिश को लेकर हुए आपसी विवाद में जमकर खूनी संघर्ष हुआ। वारदात में 10 लोगों की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसमें कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आईजी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार ने बताया कि घटना ग्रामसभा मूर्तिया के गांव उम्भा की है। ग्राम प्रधान ने दो साल पहले वहीँ पर 90 बीघे जमीन खरीदी थी जिस पर वह 32 ट्रैक्टर-ट्रालियों में करीब 300 लोगों के साथ कब्ज़ा करने पहुंचा था। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद बवाल हो गया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई।
सोनभद्र के एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच हो रही है। मामले में दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्ति की है। उन्होंने घायलों को तत्काल चिकित्सीय सहायता देने का निर्देश दिया है। इस संबंध में सोनभद्र के जिला मजिस्ट्रेट को आदेश जारी किया गया है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने उप्र के डीजीपी को आदेश दिया है कि इस मुद्दे पर वह व्यक्तिगत नजर रखें और घटना की जांच कराएं। स्थानीय लोगों के मुताबिक विवाद के दौरान आपस में असलहे से फायरिंग और गड़ासा चलने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार प्रधान पक्ष और गांव के दूसरे पक्ष को लेकर जमीन का विवाद था। बुधवार की दोपहर असलहों से लैस होकर जमीन के विवाद को लेकर बहस शुरू हुई जिसने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। मामले की जानकारी होने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।