Top NewsUttar Pradesh

प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट बढ़कर हुआ 98.5 फीसदी, नए मामले महज 255

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लोक भवन, लखनऊ में कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री  ने प्रदेश में बाहर से आने वाले लोगों का एंटीजन टेस्ट कराने हेतु विशेष प्रबंध करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कोरोना से स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 16,78,486 हो गई है। प्रदेश में कोविड रिकवरी दर 98.5 फीसदी है, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.1% है। प्रदेश में अब तक 5.57 करोड़ से अधिक टेस्ट संपन्न हो चुके हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 4,000 से कम हो गई है। वर्तमान में 3,910 कोरोना मरीज उपचाराधीन हैं। विगत दिवस 16 जिलों में संक्रमण के नए मामले नहीं मिले, जबकि 55 जिलों में नए केस इकाई में आए हैं।

मुख्यमंत्री योगी को अवगत कराया गया कि विगत 24 घंटे में प्रदेश में 2,44,275 कोविड टेस्ट किए गए हैं। इसी अवधि में संक्रमण के 255 नए मामले आए हैं, जबकि 397 मरीज उपचारित होकर स्वस्थ हुए हैं। 2,525 लोग होम आइसोलेशन में हैं। सीएम योगी ने कहा कि 21 जून को निर्धारित 06 लाख वैक्सीनेशन के सापेक्ष 07,29,197 लोगों को टीका-कवर प्रदान किया गया। अब तक 2.63 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। 01 जुलाई से प्रतिदिन 10-12 लाख वैक्सीनेशन के लक्ष्य के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों, हवाई अड्डों पर प्रदेश में बाहर से आने वाले लोगों के एंटीजन टेस्ट हेतु विशेष प्रबंध किए जाएं। आवश्यकतानुसार RT-PCR टेस्ट भी कराया जाए। पॉजिटिव पाए जा रहे लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी कराई जाए।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH