EntertainmentTop Newsमुख्य समाचार

अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ सिनेमाघरों में हुई रिलीज़, जानिए पहले दिन का कलेक्शन

मुंबईः निर्माता करण जौहर और रिलायंस एंटरटेनमेंट की रोहित शेट्टी निर्देशित अक्षय कुमार व कटरीना कैफ स्टारर फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की पहले दिन की ओपनिंग के सही आंकड़ों के सामने आने में अभी वक्त लग रहा है। फिल्म को पंजाब में आंदोलनकारी किसानों का विरोध झेलना पड़ रहा है और खबरों के मुताबिक वहां कुछ सिनेमाघरों ने उनकी ये फिल्म हटानी भी शुरू कर दी है। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की पहले दिन की ओपनिंग के करीब 30 करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन शुरुआती रुझानों के मुताबिक ये फिल्म पूरे देश में करीब 25 से 26 करोड़ रुपये का कारोबार पहले दिन करती दिख रही है। मतलब कि ये फिल्म अक्षय कुमार की ही फिल्म ‘मिशन मंगल’ के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से पीछे रह सकती है।

कोरोनो की दूसरी लहर के बाद महाराष्ट्र समेत देश के सभी राज्यों में खुल चुके सिनेमाघरों में से अधिकतर राज्यों में सौ फीसदी दर्शक क्षमता के साथ रिलीज हुई फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को चार हजार के करीब स्क्रीन्स मिलने की बात कही जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में फिल्म के सिनेमाघरों में सौ फीसदी दर्शक क्षमता के साथ रिलीज होने के चलते ट्रेड पंडितों का अनुमान था कि ये फिल्म पहले ही दिन नया इतिहास रच देगी। इस नए इतिहास से आशय ये रहा कि फिल्म ‘सूर्यवंशी’ अक्षय कुमार की दो साल पहले रिलीज हुई फिल्म ‘मिशन मंगल’ की पहले दिन की कमाई का रिकॉर्ड तोड़ देगी। फिल्म ‘मिशन मंगल’ ने साल 2019 में स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज होकर पहले दिन 29.16 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

अक्षय कुमार और कटरीना कैफ की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को लेकर फिल्म दर्शकों में काफी बेकरारी देखी जा रही थी। लेकिन, फिल्म की एडवांस बुकिंग समय से न खुल पाने का नुकसान भी इसे उठाना पड़ रहा है। पहले दिन की कमाई के जो शुरुआती आंकड़े अभी तक मुंबई पहुंच रहे हैं, उसके मुताबिक फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की पहले दिन की कमाई 25 से 26 करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। वास्तविक आंकड़े इससे भिन्न भी हो सकते हैं। अक्षय कुमार के लिए फिल्म ‘सूर्यवंशी’ उनके करियर के लिए काफी अहम मानी जा रही है। इसी साल 19 अगस्त को रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘बेलबॉटम’ महाराष्ट्र के सिनेमाघर बंद होने के चलते बॉक्स ऑफिस पर खास कमाई नहीं कर पाई थी। इसकी पहले दिन की ओपनिंग सिर्फ पौने तीन करोड़ रुपये रही। बीते साल अक्षय की कोई भी फिल्म सिनेमाघरों तक नहीं पहुंची। जो एक फिल्म ‘लक्ष्मी’ बीते साल सीधे ओटीटी पर दिवाली पर रिलीज हुई, उसे दर्शकों ने खास पसंद नहीं किया।

साल 2019 अक्षय कुमार और उनकी फिल्मों के निर्माताओं के लिए खासा फायदेमंद रहा। उस साल 21 मार्च को रिलीज हुई फिल्म ‘केसरी’ ने 21.06 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इसके बाद 15 अगस्त को रिलीज हुई ‘मिशन मंगल’ ने रिकॉर्ड कायम करते हुए पहले दिन 29.16 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली। 25 अक्तूबर 2019 को रिलीज हुई ‘हाउसफुल 4’ को दर्शकों ने पसंद नहीं किया और इसकी ओपनिंग सिर्फ 19.08 करोड़ रुपये रही और करण जौहर की बनाई फिल्म ‘गुड न्यूज’ अक्षय की बॉक्स ऑफिस ब्रांड वैल्यू और नीचे ले आई। इस फिल्म की ओपनिंग सिर्फ 17.56 करोड़ रुपये ही रही।

पिछले पांच साल में अक्षय की जिन और दो फिल्मों ने 20 करोड़ रुपये से अधिक की ओपनिंग ली उनमें 15 अगस्त 2018 को रिलीज हुई फिल्म ‘गोल्ड’ और 29 नवंबर 2018 को रिलीज हुई फिल्म ‘2.0’ शामिल हैं। फिल्म ‘गोल्ड’ ने 25.25 करोड़ की ओपनिंग ली थी जबकि 2.0 की ओपनिंग रही 20.25 करोड़ रुपये। साल 2018 में ही रिलीज हुई अक्षय की फिल्म ‘पैडमैन’ सिर्फ 10.26 करोड़ रुपये ही पहले दिन कमा सकी थी। अक्षय कुमार की इस साल अब कोई फिल्म नहीं रिलीज होने वाली है। अगले साल उनकी कम से कम चार फिल्में रिलीज की कतार में हैं। इनमें शामिल हैं, ‘पृथ्वीराज’, ‘बच्चन पांडे’, ‘रक्षा बंधन’ और ‘रामसेतु’।

 

=>
=>
loading...