नई दिल्ली। हाल ही में भारत की एक मिसाइल तकनीकी खामियों की वजह से पड़ोसी देश पाकिस्तान में जा गिरी थी, जिसको लेकर भारत ने पाकिस्तान से खेद प्रकट कर दिया है। हालांकि पाकिस्तान इसके बाद भी उल जलूल बयान देने से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान ने फैसला किया है कि वो इस मुद्दे को अंतराष्ट्रीय फोरम में उठाएगा।
इस बीच इस पूरे मामले पर अमेरिका ने भारत का साथ दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, ‘‘जैसा कि आपने हमारे भारतीय साथियों से भी सुना है कि यह घटना एक गलती से हुई दुर्घटना के अलावा और कुछ भी नहीं थी। हमें भी इसके पीछे और कोई कारण नजर नहीं आता।’’
प्राइस ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘आप इस संबंध में अन्य कोई भी सवाल भारतीय रक्षा मंत्रालय से करें। उन्होंने नौ मार्च को एक बयान जारी कर स्पष्ट किया था कि वास्तव में उस दिन क्या हुआ था। हम उससे इतर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।’’
आपको बता दें कि तकनीकी गलतियों की वजह से भारत की एक मिसाइल पाकिस्तान में जाकर गिरी थी जिस पर पाकिस्तान ने कड़ा विरोध जताया था। हालांकि बाद में भारत ने इसपर अपना खेद जता दिया था।




