कानपुर के कल्याणपुर निवासी गोल्डन बाबा नाम से मशहूर मनोज सेंगर मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में लापता हो गए। दोपहर तक जब उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है। कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिसके आधार पुलिस उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनोज मंगलवार भोर में उठे। नहाने के बाद पूजा की और फिर गेरुआ वस्त्र पहनकर निकल गए। कई घंटे तक जब वह नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों का कहना है कि मनोज ने बताया था कि वह हॉस्टल जा रहे हैं लेकिन वो वहां नहीं पहुंचे।
जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। डीसीपी पश्चिम बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मनोज सेंगर की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं। एक टीम सीसीटीवी फुटेज व दूसरी सर्विलांस की मदद से सुराग तलाश रही है। तो वहीं तीसरी टीम उनके परिचितों आदि से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।
घर पर उतार कर रख गए हैं जेवर
परिजनों के मुताबिक मनोज चार किलो सोना व चार किलो चांदी पहनते थे। मंगलवार सुबह सभी आभूषण घर पर ही उतारकर चले गए थे। जिन हालातों में वह गए हैं, उससे पूरी संभावना है कि वो जानबूझकर कहीं गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में घर से निकलकर दायीं ओर जाते हुए कैद हुए हैं। जिस रूट पर वह गए हैं, उस तरफ लगे एक-एक कैमरे के फुटेज पुलिस देख रही है।




