नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में एक महिला द्वारा सीआरपीएफ के बंकर के ऊपर पेट्रोल बम फेंकने का मामला सामने आया है। यह वारदात सोपोर में हुई है। जहां बुर्का पहने हुई एक महिला ने पेट्रोल बम फेंका और फरार हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। ये घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
घटना मंगलवार शाम 7:12 बजे की है। सोपोर से आए वीडियो में रोजाना की तरह लोग सड़क पर आते-जाते दिख रहे हैं। तभी नकाब पहने एक महिला जिसके हाथ में एक बैग है वो कुछ पलों के लिए रूकती है। वो जहां पर रुकी ठीक वहीं बैरिकेडिंग भी की गई है और बैरिकेडिंग के नजदीक सीआरपीएफ का बंकर है। नकाब पहने महिला कुछ सेकेंड के लिए इधर-उधर देखती है। फिर वो बैग से पेट्रोल बम निकालती है और बंकर पर फेंककर फरार हो जाती है। नकाबधारी महिला जब रूकती है तो उसके बगल से गुजर रहा एक शख्स उसकी तरफ देखता भी है लेकिन उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। बैग के अंदर से महिला पेट्रोल बम निकालती है और बंकर की तरफ फेंक देती है।
पेट्रोल बम फेंकते ही आग लग जाती है। आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने कहा, सोपोर में सीआरपीएफ बंकर पर पेट्रोल बम फेंकने वाली महिला की पहचान हो गई है. उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।




