लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अयोध्या के कैंट कोतवाली इलाके में मुमताज नगर के पास मंगलवार को ओवरटेक करने के चक्कर में एक बस पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हो गए। घायलों को कई एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब बस चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की और नियंत्रण खो बैठा। दिल्ली से आ रही बस सिद्धार्थ नगर जा रही थी। घायल यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये आर्थिक सहायता का एलान किया है।




