मुंबई। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अपनी गति से सबको हैरानी में डाल दिया है। उनकी आग उगलती गेंदों का बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं है। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने बीसीसीआई से भारतीय टीम में तेज गेंदबाज को शामिल करने का अनुरोध करते हुए उमरान मलिक की प्रशंसा की है।
उमरान ने बुधवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार पांच विकेट झटके। उन्होंने रिद्धिमान साहा को 152.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से यार्कर फेंकी, जिसमें वे क्लीन बोल्ड हो गए। मलिक ने पहले आठवें ओवर की चौथी गेंद पर शुभमन गिल (22) को आउट किया और फिर उन्होंने हार्दिक पांड्या को गेंद फेंकी, जिससे वे कैच आउट हो गए।
चिदंबरम ने ट्वीट किया, उमरान मलिक ने कल के मैच में खलबली मचा दी है। उनकी तेज गति और आक्रामकता देखने लायक थी। उन्होंने कहा, बीसीसीआई को उन्हें एक विशेष कोच देना चाहिए और उन्हें जल्दी से राष्ट्रीय टीम में शामिल करना चाहिए। इससे पहले कांग्रेस के एक अन्य नेता शशि थरूर ने भी उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की मांग की थी।




