नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर में एक व्यस्त सड़क के किनारे मिले एक आईईडी के गुरुवार को सफलतापूर्वक निष्क्रिय हो जाने के साथ ही एक बड़ा हादसा टल गया। हाईवे पर आतंकियों ने काले रंग के एक डिब्बे में टाइमर लगी आईडी को प्लांट किया था। इसकी सूचना समय रहते पुलिस को मिल गई। पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने समय पर घटना स्थल पर पहुंच आइईडी को सुरक्षित जगह पर ले जाकर निष्क्रिय कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बत्रा अस्पताल के नजदीक हाईवे पर एक कूडे़ दान में संदिग्ध काले रंग का डिब्बा देख लोगों ने तुरंत पुलिस को इस बारे में सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इस बीच एसएसपी जम्मू चंदन कोहली भी दलबल के साथ वहां पहुंच गए। डिब्बे को देखते उन्हें भी आशंका हुई और उन्होंने सुरक्षाबलों को तुरंत जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को बंद करने के निर्देश दे दिए। हाईवे पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई और बम निरोधक दस्ते को सूचित किया गया।
बम निरोधक दस्ते के जवानों ने डिब्बे को एक सुरक्षित जगह पर ले जाकर खोला। डिब्बे में आतंकवादियों ने टाइमर के साथ आइईडी लगाई हुई थी। दल में शामिल जवानों ने बड़े ही सुरक्षित ढंग से आइईडी में विस्फोट कर निष्क्रय बना दिया।




