लॉस एंजेलिस। हॉलीवुड के मशहूर एक्टर जॉनी डेप अपनी पूर्व पत्नी और अभिनेत्री एंबर हर्ड पर मानहानि का मुकदमा जीत गए हैं। इस मामले पर जूरी ने बुधवार को जॉनी डेप के पक्ष में फैसला सुनाया। जिसके बाद जॉनी डेप ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। जॉनी डेप ने एक बयान में कहा कि जूरी ने मुझे अपना जीवन वापस दे दिया, मैं वास्तव में आभारी हूं।
सात सदस्यीय वर्जीनिया जूरी ने जुर्माने के तौर पर अभिनेत्री एंबर हर्ड को 15 मिलियन डॉलर का भुगतान करने के आदेश दिए हैं। अभिनेता जॉनी डेप और उनकी पत्नी के बीच मानहानि केस को लेकर लंबी कानूनी प्रक्रिया चलने के बाद शुक्रवार को मामले की अंतिम बहस के बाद अमेरिका के फेयरटैक्स काउंटी सर्किट कोर्ट में सात सदस्यीय वर्जीनिया जूरी ने तीन दिनों से लगभग 13 घंटे तक विचार-विमर्श कर जॉनी डेप के पक्ष में फैसला सुनाया है।
हॉलीवुड एक्टर जॉनी ने कहा कि शुरुआत से इस मामले को सामने लाने का लक्ष्य सच्चाई को उजागर करना था। परिणाम की परवाह किए बिना इस मामले को सामने लाया। दरअसल, द वाशिंगटन पोस्ट के एक लेख पर एंबर हर्ड के खिलाफ मुकादमा दायर किया गया था। हर्ड ने जॉनी डेप पर घरेलू हिंसा और मारपीट करने का आरोप लगाया था। इन आरोपों की वजह से हॉलीवुड में जॉनी डेप को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इसी के चलते उन्होने मानहानि का मुकदमा हर्ड पर किया था।




