नई दिल्ली। कोलकाता पुलिस ने पैगंबर मुहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने वाली नूपुर शर्मा को पूछताछ के लिए 20 जून को तलब किया है। उन्हें बयान दर्ज करने के लिए 20 जून को नारकेलडांगा पुलिस स्टेशन में पेश होने को काह गया है। यह नोटिस दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 41 के तहत जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि कोई भी पुलिस अधिकारी, मजिस्ट्रेट के आदेश के बिना और वारंट के बिना किसी भी संज्ञेय अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार कर सकता है, या या जिनके खिलाफ शिकायत की गई है।
बता दें कि भाजपा के प्रवक्ता के तौर पर नूपुर शर्मा शुक्रवार 27 मई को एक न्यूज चैनल की डिबेट में गई थीं। डिबेट के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ लोग हिंदू आस्था का लगातार मजाक उड़ा रहे हैं। अगर ऐसा है तो वह भी दूसरे धर्मों का मजाक उड़ा सकती हैं। इसके बाद उन्होंने कुछ इस्लामिक मान्यताओं की बात की।
नूपुर की इस डिबेट के दौरान कही गई बातें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और दुनियाभर में उनके बयान की निंदा की जाने लगी और विरोध प्रदर्शन होने लगे। जिसके बाद एक जून को महाराष्ट्र में उनके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का पहला केस दर्ज हुआ और दो जून को ही महाराष्ट्र में उनके खिलाफ दूसरा मामला दर्ज हुआ। विवाद को बढ़ता देख बीजेपी ने 5 जून को नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया।




