नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यहां हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ में जवानों ने चार आतंकियों को ढेर कर दिया है। रविवार दोपहर सुरक्षाबलों को कुपवाड़ा में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस, सेना की 28 आरआर और सीआरपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों को अपने पास आता देख उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी जवावी फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकी को मार गिराया। एक आतंकी की पहचान लोलाब निवासी शौकत अहमद के रूप में हुई है।
कुपवाड़ा जिले में दूसरी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने डीएचपोरा इलाके में भी दो आतंकियों को मार गिराया है। आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि रविवार सुबह कुपवाड़ा पुलिस और सेना ने मिलकर लोलाब घाटी में दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया है। अब 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि हम ऑपरेशन की मॉनिटर कर रहे हैं। माना जा रहा है कि अभी और आतंकी सुरक्षाबलों के घेरे में फंसे हुए हैं। सुरक्षाबलों का अभियान जारी है।




