मुंबई। महाराष्ट्र के सांगली जिले से बुराड़ी जैसा कांड सामने आया है। यहां एक परिवार के 9 लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने वालों की उम्र 15 से 72 साल के बीच है। वहीं मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। हर किसी के मन में बस एक ही सवाल है कि आखिर परिवार की ऐसी कौन सी मजबूरी थी जो इन्हे ऐसा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।
आत्महत्या करने वालों में पोपट यल्लप्पा वनमोर (उम्र 52), संगीता पोपट वनमोर (48), अर्चना पोपट वनमोर (30), शुभम पोपट वनमोर (28), माणिक यल्लप्पा वनमोर (49), रेखा माणिक वनमोर (45), आदित्य माणिक वन (15), अनीता माणिक वनमोर (28) और अक्कताई वनमोर (72) शामिल हैं।
महिसल में नरवाड़ रोड के पास अंबिका नगर चौक पर डॉ.वनमोर अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार का एक घर अंबिकानगर में और दूसरा राजधानी कॉर्नर में है। सोमवार सुबह से ही दोनों घरों के दरवाजे नहीं खुले थे। पड़ोसियों ने दरवाजा खोला तो पता चला कि एक ही घर में छह लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। तीनों के शव बाद में दूसरे घर में मिले। पता चला कि एक ही परिवार के नौ सदस्यों ने जहरीली दवा खाकर खुदकुशी कर ली है।




