नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा है।इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार तेजस्वी से मुलाकात करने उनके घर पहुंचे हैं। नीतीश कुमार, अब तेजस्वी यादव के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे। उधर, भाजपा के एक मंत्री ने कहा कि फिलहाल हम नीतीश की ओर से किसी भी तरह के कदम उठाए जाने का इतंजार कर रहे हैं। उनकी ओर से किसी तरह के ऐलान के बाद ही हम अपनी रणनीति पर काम करेंगे।
इस बीच जदयू की महत्वपूर्ण बैठक खत्म हो चुकी है। इस बैठक में पार्टी के सभी सांसद और विधायक शामिल थे। बैठक के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने जानकारी दी कि जदयू-भाजपा गठबंधन अब आधिकारिक रूप से बिखर चुका है। सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह कल होगा। तेजस्वी यादव बिहार के नए उपमुख्यमंत्री होंगे। इस बीच, तेजस्वी यादव की बहनों ने बिहार राज्य में सरकार बदलने की ओर इशारा करते हुए ट्वीट किए हैं।
इन तमाम चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी सक्रिय हो गई है और संगठन में बड़ी बैठकों का दौर शुरू हो गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक भाजपा के राज्य महासचिव (संगठन) भीखुभाई दलसानिया और राज्य भाजपा प्रमुख संजय जायसवाल पटना में उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक भाजपा कुछ ही देर में इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन कर सकती है। सूत्रों का यह भी कहना है कि भाजपा हाईकमान द्वारा प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों को जल्द ही इस संकट से जुड़ी चर्चा करने के लिए दिल्ली भी बुलाया जा सकता है।




