National

आठवीं बार बिहार के सीएम बने नीतीश, बोले- 2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नही रहेंगे

पटना। आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से मुखातिब नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर सीधा हमला करते हुए कहा कि 2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नही रहेंगे। प्रधानमंत्री पद की दावेदारी पर नीतीश कुमार ने कहा, मेरी कोई दावेदारी नहीं है। हमने जो भी निर्णय लिया है, अपनी पार्टी के साथियों के साथ लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि हम निश्चित तौर पर विपक्ष को मजबूत करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पर इशारों-इशारों में निशाना साधते हुए नीतीश कुमार ने कहा जिनको लगता है विपक्ष खत्म हो जाएगा, तो हम लोग तो आ ही गए हैं विपक्ष में। हमारी सरकार बन गई है। शपथ भी हो गई। बाकी मंत्रियों के बारे में जल्द ही निर्णय लेकर शपथ ग्रहण कराई जाएगी। नीतीश कुमार ने कहा, हमारी पार्टी के लोगों से पूछ लीजिए कि सबकी क्या स्थिति हुई। मैं 2020 में मुख्यमंत्री बनना नहीं चाहता था, लेकिन मुझ पर दबाव बनाया गया कि आप संभालिए। बाद के दिनों में जो कुछ भी हो रहा था, सब देख रहे थे। हमारी पार्टी के लोगों के कहने पर हम अलग हुए। उन्होंने कहा, बीते डेढ़ महीने से हम कोई बातचीत नहीं कर रहे थे। हमारे साथ गलत हो रहा था। कहा कि 2020 के चुनाव में जदयू के साथ कैसा बर्ताव हुआ था। भाजपा के साथ जाने से हमारा नुकसान हुआ था।

इस मौके पर राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार की जनता के लिए बहत अच्छा हुआ है। हम सभी को धन्यवाद व शुभकामना देते हैं। इस फैसले से हर कोई खुश है। सबसे बड़ी बात बिहार की जनता खुश है।

 

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH