लखनऊ। सांसद अफजाल अंसारी और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी समेत तीन करीबियों के घर गुरुवार सुबह ईडी ने छापेमारी की। माफिया मुख्तार अंसारी और उनके करीबी लोगो के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी चल रही है। दिल्ली, लखनऊ व गाजीपुर समेत कई ठिकानों पर ईडी के अफसर पहुंचे हैं। जांच एजेंसी ने दिल्ली, लखनऊ, गाजीपुर और मऊ में मुख्तार अंसारी और उसके करीबियों के कई ठिकान खंगाल रही है। इतना ही नहीं मुख्तार के मुहम्मदाबाद स्थित घर पर भी छापेमारी की है।
मनी लांड्रिंग में मुख्तार पर ईडी दर्ज कर चुकी केस
माफिया मुख्तार अंसारी पर ईडी ने एक जुलाई 2021 को मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। आरोप है कि मुख्तार ने एक सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया और फिर उसे सात साल के लिए 1.7 करोड़ रुपये प्रति वर्ष के हिसाब से एक प्राइवेट कंपनी को किराए पर दे दिया। इस कंपनी से मुख्तार के भाइयों और बेटे का भी संबंध होने को आरोप था।
मामला सामने आने के बाद ईडी ने इस मामले में माफिया मुख्तार अंसारी, उनके भाई सांसद अफजाल अंसारी समेत कई अन्य को आरोपी बनाया गया है। जिसमें भ्रष्टाचार और विधायक निधि गबन और आय से अधिक संपत्ति को लेकर दर्ज मुकदमों को आधार बनाते हुए ईडी ने केस दर्ज किया है। इस मामले में नौ मई को सांसद अफजाल अंसारी को तलब कर ईडी की प्रयागराज टीम ने पूछताछ की थी। टीम ने 10 घंटे से अधिक समय तक अफजाल से पूछताछ कर बयान दर्ज किया था।
ईडी ने परिवार की संपत्ति का भी ब्योरा मांगा
बाहुबली और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी और उनके भाई अफजाल अंसारी समेत पूरे परिवार, रिश्तेदार और करीबियों की राजधानी में संपत्तियां खंगाली जा रही हैं। मुख्तार अंसारी, भाई अफजाल अंसारी, मुख्तार की पत्नी आफशां, बेटे अब्बास, उमर के साथ ही अतीफ रजा पुत्र जमशेद रजा और उनके सहयोगियों, करीबियों का ब्योरा ईडी ने मांगा है। मुख्तार के सात बैंक खाते, अफजाल के 3 बैंक खातों को भी ईडी ने पहले ही खंगाला है।




