लखनऊ। यूपी के बुलंदशहर में पुलिस ने ब्लाइंड कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए मकतूल को जिंदा बरामद कर कत्ल की वारदात का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस मकतूल रूही नाज हत्याकांड की जांच कर रही थी। जांच के दौरान अहम सबूत हाथ लगने के बाद पुलिस ने रूही नाज को मेरठ से जिंदा बरामद कर लिया।
बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र के काजमपुर देवली के ताबिश का निकाह 6 वर्ष पहले बुलंदशहर सिटी कोतवाली क्षेत्र की बीसा कॉलोनी में रहने वाली रूहीनाज के साथ हुआ था। रुहिनाज और ताबिश के दो बेटे हैं। शादी के बाद ताबिश रोजगार के चक्कर में सऊदी अरब चला गया। इसी साल फरवरी माह में रूहीना नाज अपने एक बच्चे के साथ अचानक गायब हो गई। परिवार वालों ने इसकी जानकारी ताबिश को दी। ताबिश भारत लौट आया और रूहीनाज की तलाश में जुट गया, लेकिन रुहिनाज का कहीं भी सुराग नहीं लग पाया। वहीं ताबिश ने शक की बुनियाद पर अपनी सास और साले अदनान के खिलाफ बुलन्दशहर नगर कोतवाली में हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज करा दी। पुलिस पड़ताल कर ही रही थी कि रुहिनाज की इंस्टाग्राम पर की गई पोस्ट का पता पुलिस को चल गया। साइबर टीम और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आज रुहिनाज और उसके बच्चे को मेरठ से बरामद कर लिया। रुहिनाज पिछले 8 माह से मेरठ में किराए के फ्लैट में रह रही थी। कत्ल की झूठी कहानी क्यों बनाई गई, इसकी तह तक जाने के लिए पुलिस पड़ताल में जुटी हुई है।
सीओ बुलन्दशहर विकास चौहान के मुताबिक बुलंदशहर सिटी कोतवाली में ताबिश ने अपनी पत्नी और बेटे के कत्ल की एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर के आधार पर पुलिस जांच कर ही रही थी। पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रुहिनाज के जिंदा होने का पता चला। पुलिस ने बुलंदशहर से रूहीनाज और उसके बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। ताबिश ने कत्ल की झूठी कहानी क्यों लिखी, इसकी पड़ताल की जा रही है।




