बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु में एक युवक ने 19 साल की छात्रा की हत्या करने के बाद खुद को भी चाक़ू मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की। वारदात बेंगलुरु के बाहरी इलाके स्थित एक कॉलेज की है।
पीड़ित छात्रा की पहचान लया स्मिता के रूप में हुई, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया जबकि आरोपी की पहचान पवन कल्याण के रूप में हुई। जिसे सीने में चोटें आई हैं, उसका इलाज अस्पताल में हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवक-युवती के बीच लड़ाई हुई थी।
घटना उस विश्वविद्यालय में हुई, जहां पीड़िता पढ़ती थी जबकि आरोपी दूसरे कॉलेज से बीसीए का छात्र बताया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि दोनों कोलार जिले के मुलबगल तालुक के एक गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों को खून से लथपथ देख अन्य छात्रों ने कॉलेज के अधिकारियों और सुरक्षा कर्मचारियों को इसकी सूचना दी. जिसके बाद एंबुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने कहा कि हत्या के तुरंत बाद आरोपी युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने के इरादे से उसी हथियार से खुद पर भी वार किया। उन्हें अब तक हत्या का मकसद या कारण का पता नहीं चल पाया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।




