जम्मू। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को सतवारी में एक जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने आपका हक़ छीना है। राहुल गांधी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा मिले , इसके लिए कांग्रेस अपना पूरा दम लगा देगी। राहुल ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी छोटे और मंझले व्यापारियों को मारने के हथियार हैं। राहुल ने कहा कि देश को रोजगार सिर्फ सिर्फ छोटे और मंझले व्यापारी ही दिला सकते हैं न की बड़े उद्योगपति।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का पूरा का पूरा धन 2-3 उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। पूरा कारोबार देश के कुछ उद्योगपति चला रहे हैं। नोटबंदी से काला धन नहीं मिट सका। नोटबंदी कर छोटे कारोबारियों को नुकसान पहुंचाया गया। छोटे कारोबारी ही रोजगार पैदा कर सकते है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में गरीबों से उनकी जमीन छीनी जा रही है। कश्मीरी पंडितों के साथ सरकार अन्याय कर रही है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल ने कश्मीरी पंडितों की बात को सही तरीके से नहीं सुना। वह भीख नहीं अपना हक मांग रहे हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा जम्मू कश्मीर को बाहर के लोग चला रहे हैं। प्रदेश के लोगों की आवाज को प्रशासन नहीं सुनता है। हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा बेरोजगारी जम्मू कश्मीर में है। पढ़ाई करने के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। उनके पास सेना में भर्ती होने का विकल्प था लेकिन केंद्र की अग्निवीर योजना ने उनका सपना तोड़ दिया है।




