National

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री को मिली जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

छतरपुर (मप्र)। मप्र के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री को जान से मारने की धमकी मिली है। एक फोन कॉल द्वारा धीरेंद्र शास्त्री को धमकी मिली है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर इन दिनों छत्तीसगढ़ के रायपुर में हैं।

जानकारी के मुताबिक, धीरेंद्र शास्त्री को एक अज्ञात फोन कॉल कर धमकी दी गई है। छतरपुर के बमीठा थाने में धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई लोकेश गर्ग की ओर से अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। धीरेंद्र का अभी रायपुर में दिव्य दरबार चल रहा है।

छतरपुर के एसपी सचिन शर्मा ने केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी का नाम अमर सिंह है। थाना बमीठा में धारा 506, 507 के अंतर्गत अमर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

इससे पहले, धीरेंद्र शास्त्री को चुनौती देने वाले अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव को भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को और बढ़ा दिया गया है। श्याम मानव ने धीरेंद्र शास्त्री पर अंधविश्वास को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।

श्याम मानव ने धीरेंद्र शास्त्री को नागपुर में दिव्य दरबार लगाने की चुनौती दी थी। श्याम का कहना था कि अगर धीरेंद्र शास्त्री उनके बीच दिव्य दरबार लगाते हैं और चमत्कार करके दिखाते हैं तो वो उन्हें 30 लाख रुपये देंगे। आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री दरबार अधूरा छोड़कर भाग गए थे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH