अमृतसर। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर को कांग्रेस ने पार्टी से निलंबित कर दिया है। परनीत कौर पटियाला से कांग्रेस सांसद हैं। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमृंदर सिंह राजा वड़िंग ने परनीत कौर के पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की शिकायत की थी। उन पर भाजपा की मदद करने का आरोप है। पार्टी ने उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
AICC की डिसिप्लिनरी एक्शन कमेटी (DAC) के अध्यक्ष तारिक अनवर ने इस बाबत चिट्ठी जारी कर दी है। उन्होंने कहा, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमृंदर सिंह राजा ने शिकायत की थी कि पटियाला सांसद पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। यह सबकुछ वह भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए कर रही हैं। कई सीनियर नेताओं ने भी परनीत कौर की शिकायत की थी। DAC ने जांच के बाद परनीत कौर को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है।
सांसद परनीत कौर को कारण बताओे नोटिस जारी किया गया है। उन्हें पार्टी से क्यों न निकाला जाए, इसका जवाब तीन दिन के भीतर मांगा गया है। बता दें कि कैप्टर अमरिंदर सिंह ने पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले 2021 में कांग्रेस छोड़ दिया था। फिर सितंबर 2022 में भाजपा जॉइन की थी। साथ ही अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस को भाजपा में विलय कर दिया था। उनके साथ बेटा रंधीर सिंह, बेटी जय इंदर कौर और पोता निर्वान सिंह ने भाजपा की सदस्यता ली थी। लेकिन सांसद पत्नी परनीत कौर ने कांग्रेस से इस्तीफा देने में कोई रुचि नहीं दिखाई थी।




