मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने उद्धव ठाकरे को नसीहत देते हुए कहा कि आपको नया सिंबल मिलेगा उसे स्वीकार कर लीजिए, लोग नए प्रतीक को स्वीकार करेंगे। शरद पवार ने उद्धव से कहा कि आपको चुनाव आयोग का फैसला मान लेना चाहिए। पवार ने कहा कि यह चुनाव आयोग का फैसला है। एक बार फैसला हो गया, तो इस पर बहस नहीं हो सकती। इसे स्वीकार कीजिए और नया चिह्न लीजिए। इसका बहुत ज्यादा असर नहीं होगा, क्योंकि लोग नया सिंबल स्वीकार कर लेंगे। बस कुछ दिनों तक इस पर चर्चा होगी।
शरद पवार ने पुरानी बात याद दिलाते हुए कहा कि “मुझे याद है कि इंदिरा गांधी को भी इस स्थिति का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस के पास ‘जुए के साथ दो बैल’ का प्रतीक हुआ करता था। बाद में उन्होंने इसे खो दिया और ‘हाथ’ को एक नए प्रतीक के रूप में अपनाया और लोगों ने इसे स्वीकार कर लिया। इसी तरह, लोग उद्धव ठाकरे गुट के नए प्रतीक को स्वीकार करेंगे।”
बता दें कि शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट को एक बड़ा झटका देते हुए, भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट को पार्टी का नाम “शिवसेना” और चुनाव चिह्न “धनुष और तीर” आवंटित किया है जिसके बाद उद्धव ठाकरे ने कड़ी आपत्ति जताई है। शिंदे गुट ने असली शिवसेना के रूप में मान्यता दिए जाने के फैसले का स्वागत किया, वहीं उद्धव ठाकरे गुट ने कहा कि वे इस मामले को लेकर अब सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे।




