NationalTop News

सोनिया गांधी ने दिया राजनीति से संन्यास का संकेत, बोली- भारत जोड़ो यात्रा हो सकता है अंतिम पड़ाव

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने राजनीति से संन्यास लेने की तरफ इशारा किया है। रायपुर में पार्टी के पूर्ण अधिवेशन में बोलते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनकी राजनीतिक पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि यात्रा एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में आई है। इसने साबित कर दिया है कि भारत के लोग सद्भाव, सहिष्णुता और समानता चाहते हैं।

उन्होंने कहा, यह कांग्रेस और पूरे देश के लिए एक चुनौतीपूर्ण समय है। भाजपा-आरएसएस ने देश की हर एक संस्था पर कब्जा कर लिया है और उसे उलट दिया है। कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने कहा, चंद कारोबारियों को फायदा पहुंचाकर केंद्र सरकार ने आर्थिक तबाही मचाई है।

कांग्रेस नेता ने कहा, कांग्रेस पार्टी ने बहुत कुछ हासिल भी किया है, एक अच्छा समय भी देखा, बहुत कुछ हासिल किया, लेकिन अब एक मुश्किल दौर से गुजर रही है। पिछले दिनों देश में नफरत के कारण महिलाओं, आदिवासियों, गरीबों और पिछड़ों पर हमले किए गए। ये हमारी जि़म्मेदारी है कि हम इसे खत्म करें। कांग्रेस केवल एक पार्टी नहीं है ये एक विचार है और जीत केवल हमारी होगी।

सोनिया गांधी ने कहा, 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है।

 

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH