मुंबई। मशहूर लेखक और गीतकार जावेद अख्तर के पाकिस्तान में दिए गए बयान की इन दिनों खूब चर्चा हो रही है। जहां भारत में लोग जावेद अख्तर के बयान की जमकर तारीफ कर रहे हैं तो वहीं पाकिस्तान में लोगों को जावेद अख्तर का बयान रास नहीं आया है। अब इस मामले पर जावेद अख्तर का भी रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा है कि ऐसा लग रहा है जैसे तीसरा वर्ल्ड वॉर जीतकर आया हूं।
जावेद अख्तर ने हाल ही में एबीपी न्यूज के एक कार्यक्रम में पाकिस्तान में दिए अपने बयान पर कहा है कि ‘मैं अपनी बात को साफ तौर पर कहने से कभी पीछे नहीं हटा हूं। हालांकि ये मामला बहुत बड़ा हो गया है। अब ये बहुत बड़ा हो गया है। मुझे एम्बैरेसमेंट होने लगी है। ऐसा लग रहा है कि मुझे ऐसे आयोजनों में नहीं जाना चाहिए। मुझे लगता है कि अब इस बारे में और बात नहीं करनी चाहिए। मैं जब भारत लौटा तो ऐसा लगा जैसे मैंने वर्ल्ड वॉर 3 जीत लिया हो। इस पर मीडिया और बहुत सारे लोगों के रिएक्शन्स आने लगे। मुझे अपना फोन बंद करना पड़ा। मैं शर्मिंदा था ऐसा क्या कह दिया? मुझे ये बातें कहनी थीं। क्या हमें चुप रहना चाहिए? नहीं न।’
जावेद अख्तर ने आगे कहा कि मुझे अब जाकर पता लग रहा है कि मेरे स्टेटमेंट ने पाकिस्तान में खलबली मचा दी है। वहां के लोग मुझे गालियां दे रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि मुझे वीजा क्यों दिया गया? मुझे याद रहेगा कि वो किस तरह का मुल्क है। मैं जिस देश में पैदा हुआ हूं, वहां मैं कॉन्ट्रोवर्शियल स्टेटमेंट देता आ रहा हूं। वही देश, जहां मैं मरूंगा भी। तो ऐसे में डरने की क्या बात है? जब मैं यहां डरकर नहीं जी रहा हूं तो मैं वहां की चीजों को लेकर क्यों डरूं?




