NationalTop News

रविशंकर प्रसाद ने पूछा- राहुल गांधी का चीन से क्या याराना, विदेश नीति को कितना समझते हैं

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने आज गुरुवार को राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के बयान पर कहा कि बेबुनियाद, बेफिजूल की बात करना उनकी (राहुल गांधी) की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का अहंकार देश से बड़ा नहीं है।

इससे पहले, राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा था, ‘मैं एक सांसद हूं और मेरे ऊपर संसद में आरोप लगे हैं। मैं संसद में ही आरोपों का जवाब दूंगा। इसके बाद आप लोगों से विस्तृत बातचीत करूंगा।’ बता दें कि राहुल गांधी ने लंदन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में भारत को लेकर विवादित बयान दिया था।

राहुल से पूछे सवाल

रविशंकर प्रसाद ने चीन को लेकर पूछा कि राहुल गांधी का चीन से क्या याराना है? उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी देश की विदेश नीति को कितना समझते हैं, इस पर भी बहस करने की जरूरत है।

भाजपा नेता ने कहा कि आज राहुल गांधी के मुंह से एक भी शब्द नहीं निकला कि हमने जो भारत के लोकतंत्र के बारे में कहा था उसका मुझे खेद है। आज देश उनके अहंकार से दुखी है।

भाजपा ने राहुल से की माफी की मांग

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा, राहुल गांधी से पूछना चाहेगी कि वे कब तक देश को, देश के लोकतंत्र को और 140 करोड़ लोगों को गुमराह करते रहेंगे? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को विदेशी भूमि पर भारत के बारे में अपनी अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी कही गई बातों पर कोई खेद नहीं जताया है। इसलिए, भाजपा अपना स्टैंड रखती है कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

राहुल गांधी को जानकारी की जरूरत

भाजपा नेता ने कहा कि अगर कांग्रेस को वोट नहीं मिलते हैं तो यह उसकी अक्षमता और कुकृत्यों के कारण है। यह उनकी पार्टी के नेताओं को भारत के खिलाफ चिल्लाने और भारत का अपमान करने का अधिकार नहीं देता है। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि कृपया भारत की विदेश नीति और भारत की सामरिक सुरक्षा के बारे में अपनी जानकारी दुरुस्त करें।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH