बेंगलुरु। आईपीएल 2023 के अपने पहले मैच में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया। बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए पांचवें मैच में डु प्लेसिस और विराट की सलामी जोड़ी ने मुंबई के 172 रन के टारगेट को बौना साबित कर दिया। इन दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर बेंगलुरु ने पांच बार की चैंपियन मुंबई को अपने पहले मैच में 8 विकेट से हराया। विराट 82 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं कप्तान डु प्लेसिस 73 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 6 छक्के जड़े। विराट कोहली ने 45वां और कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 26वां अर्धशतक जमाया।
विराट कोहली और फॉफ डु प्लेसिस ने मैदान के हर तरफ स्ट्रोक लगाए। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी की। कप्तान डु प्लेसिस 43 गेंदों में 73 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल थे। वहीं, विराट ने 82 रन बनाए। वह मैच में शानदार लय में नजर आए। उनके आगे मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज टिक नहीं पाए। वहीं, दिनेश कार्तिक अपना खाता तक नहीं खोल पाए। आखिर में ग्लेन मैक्सवेल ने 12 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की तरफ से कैमरून ग्रीन और अरशद खान ने 1-1 विकेट हासिल किया।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की टीम को 172 रनों का टारगेट दिया। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 84 रन बनाए। उनके अलावा मुंबई इंडियंस का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। तिलक शुरुआत से अंत तक क्रीज पर डटे रहे और आउट नहीं हुए। उनके अलावा नेहाल वडेरा ने 15 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 15 रनों की पारी खेली। ईशान किशन ने 10 रन बनाए। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ी पारी नहीं खेल पाए और सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए।
आरसीबी की तरफ से कर्ण शर्मा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा मोहम्मद सिराज, रीप्स टॉप्ली, आकाशदीप सिंह, हर्षल पटेल और माइकल ब्रेसवेल ने 1-1 विकेट हासिल किया। मुंबई इंडियंस पिछले 11 साल से आईपीएल में अपना पहला मैच नहीं जीत पाई है। पिछले 11 साल से मुंबई इंडियंस के नाम ये शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज है।




