National

पवार ने दिखाया विपक्ष को ठेंगा, कहा- पीएम मोदी की डिग्री मुद्दा नहीं

नई दिल्ली। अदाणी समूह पर अलग विचार व्यक्त करने के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार ने एक बार फिर विपक्ष से अलग अपनी राय रखी है। इस बार मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री का है। पवार ने उन लोगों की आलोचना की है, जो नेताओं की शैक्षिक योग्यता के मुद्दे को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में इससे भी महत्वपूर्ण और जरूरी मुद्दे हैं, जिन पर हमें ध्यान देने की जरूरत है।

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, ”जब हम बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और महंगाई का सामना कर रहे हैं तो क्या देश में किसी की शैक्षणिक डिग्री राजनीतिक मुद्दा होना चाहिए? आज धर्म और जाति के नाम पर लोगों में भेद पैदा किया जा रहा है। महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश से फसलें बर्बाद हो गई हैं। ये ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर चर्चा करना जरूरी है। गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे और अरविंद केजरीवाल सहित केंद्र में कई विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कॉलेज की डिग्री को लेकर उन पर निशाना साधा है। ठाकरे ने पूछा था कि कौन सा कॉलेज इस बात पर गर्व महसूस नहीं करना चाहता है कि उनका कॉलेज वह जगह है, जहां से प्रधानमंत्री ने पढ़ाई की है।

दूसरी ओर, केजरीवाल पर गुजरात हाईकोर्ट द्वारा मामला उठाने के लिए 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जबकि जानकारी पहले से ही सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध थी। इससे पहले पवार ने अदाणी समूह का समर्थन किया था। उन्होंने समूह पर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट की आलोचना भी की। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल अदाणी-हिंडनबर्ग विवाद की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि पवार की पार्टी के ‘अपने विचार हो सकते हैं’, लेकिन सभी विपक्षी दल अभी भी एकजुट हैं।

केजरीवाल की पार्टी ने डिग्री विवाद को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोलना तेज कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने रविवार को ‘अपनी डिग्री दिखाओ’ अभियान शुरू किया और भाजपा नेताओं को भी ऐसा करने की चुनौती दी। आप विधायक आतिशी ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, “हम आज एक अभियान शुरू कर रहे हैं। आपके नेता आपको हर रोज अपनी डिग्री दिखाएंगे। मेरे पास दिल्ली विवि से बीए की डिग्री और ऑक्सफोर्ड से दो मास्टर डिग्री है। ये सभी असली हैं।” आतिशी ने कहा, “मैं सभी नेताओं से, खासकर भाजपा नेताओं से अपनी डिग्री दिखाने के लिए कहना चाहती हूं।” उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ‘आप’ का हर नेता अपनी डिग्री दिखाएगा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH