NationalTop News

मोदी सरकार ने बुलाया संसद का विशेष सत्र, ‘अमृत काल’ के बीच होगी सार्थक चर्चा

नई दिल्ली। संसद का विशेष सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा, जो 22 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान पांच बैठकें होंगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। प्रहलाद जोशी ने कहा कि सरकार ने 18 से 22 सितंबर के बीच पांच दिनों के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि ‘अमृत काल’ के बीच सदन में सार्थक चर्चा होगी।

प्रहलाद जोशी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि संसद का विशेष सत्र (17वीं लोकसभा का 13वां सत्र और राज्यसभा का 261वां सत्र) 18 से 22 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान पांच बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि अमृत काल के बीच संसद में सार्थक चर्चा और बहस की उम्मीद है।

जी-20 शिखर सम्मेलन के बाद बुलाया गया सत्र

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा। संसद का विशेष सत्र इसके कुछ दिनों बाद आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में क्या एजेंडा होगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

मानसून सत्र में विपक्ष ने किया जमकर हंगामा

बता दें, संसद का मानसून सत्र मणिपुर हिंसा को लेकर हंगामे की भेंट चढ़ गया था। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों ने जमकर हंगामा किया, जिसके चलते कई बार सदन की कार्यवाही बाधित हुई।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH