SportsUttar Pradesh

मेरठ मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. ने मोटो जीपी वेन्यू पर तैयारियों का जायजा लिया

ग्रेटर नोएडा। मंडलायुक्त मेरठ मंडल सेल्वा कुमारी जे. ने बुधवार को मेरठ मंडल के अंतर्गत आने वाले गौतम बुद्ध नगर जिले में स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) का दौरा किया और इस महीने के अंतिम सप्ताहांत में यहां होने वाले बहुप्रतीक्षित मोटोजीपी भारत के आयोजन की तैयारियों के बारे में जानकारी हासिल की। मंडलायुक्त ने आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया। उत्तर प्रदेश सरकार के लिए यह आयोजन काफी अहम है क्योंकि भारत में इस तरह का इवेंट पहली बार हो रहा है।

बीआईसी के निरीक्षण के दौरान मोटोजीपी भारत के प्रमोटर्स-फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स को मंडलायुक्त का स्वागत करने का सम्मान मिला। इस दौरान फेयरस्ट्रीट के मुख्य खेल अधिकारी- श्री सिब्तैन बाकरी ने सेल्वा कुमारी जे. के सामने भारत के लिए इस ऐतिहासिक इवेंट के पीछे बौद्धिक संपदा (आईपी) का अवलोकन पेश किया।

मंडलायुक्त ने मोटोजीपी इवेंट को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, प्राधिकरण एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूर्व निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद मंडलायुक्त ने मोटोजीपी वेन्यू का बहुत ही गहनता के साथ निरीक्षण किया।

इस दौरान मंडलायुक्त के साथ गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार भी मौजूद थे। इनके अलावा डीसीपी पुलिस साद मिया खान, मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉक्टर नितिन मदान, सिटी मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अंकित कुमार, उपायुक्त (उद्योग) अनिल कुमार तथा कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मंडलायुक्त के बीआईसी दौरे पर खुशी जाहिर करते हुए फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) पुष्कर नाथ नाथ श्रीवास्तव ने कहा कि फेयरस्ट्रीट को मंडलायुक्त के सामने एक प्रमोशनल वीडियो पेश करने का भी सौभाग्य मिला, जो मोटोजीपी भारत में उपस्थित लोगों के उत्साह और रोमांच को दर्शाता है।

पुष्कर नाथ श्रीवास्तव ने कहा, -मंडलायुक्त को हमारे प्रोग्राम की तैयारियों से परिचित कराने के लिए बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट का दौरा कराया गया। हम मंडलायुक्त के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। इस यात्रा के लिए हम उनका धन्यवाद करते हैं। हमारे लिए यह सम्मान और खुशी का पल है। उनकी अंतर्दृष्टि और सपोर्ट अमूल्य है क्योंकि हम मोटोजीपी भारत को एक अविस्मरणीय मोटरस्पोर्ट इवेंट बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मोटोजीपी भारत में लगभग 40 टीमें भाग लेंगी, जिसमें 80 राइडर्स शामिल होंगे। इन राइडर्स में मार्क मार्केज, फ्रांसेस्को बगानिया जैसी शानदार प्रतिभाओं के साथ-साथ कई अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं। यह भव्य इवेंट 22 से 24 सितंबर तक बीआईसी में होगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH