लखनऊ। राम जन्मभूमि में राम मंदिर का निर्माण काम तेजी से चल रहा है। ये अपने अंतिम पड़ाव की ओर है। इस बीच खुदाई के दौरान यहां से कई चौंकाने वाली प्राचीन वस्तुएं मिली हैं। ये जानकारी राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए साझा की हैं। उन्होंने बताया कि खुदाई के दौरान पुराने मंदिरों के अवशेष मिले हैं। इसके साथ ही कुछ मूर्तियां और अन्य चीजें भी मिली हैं।
तस्वीरों में दखने पर ये मूर्तियां और स्तंभ काफी प्राचीन नजर आते हैं। मंदिर परिसर में इन अवशेष को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया है। आपको बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
इसके साथ ही जनवरी 2024 में प्राण प्रतिष्ठा की भी तैयारी है। इसे लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अभी मंदिर के निर्माण में फीनिशिंग का काम बाकी है। बाकी सारे काम पूरे कर लिए गए हैं। जनवरी में प्राण-प्रतिष्ठा से पहले तक इनके पूरा हो जाने की उम्मीद है।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ ही करीब 32 हजार करोड़ की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। नगर में एक बड़े एयरपोर्ट का भी निर्माण कराया जा रहा है। मंदिर निर्माण शुरू होने के साथ ही यहां बड़ी संख्या में रामभक्तों का आना शुरू हो गया है। श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट समय-समय पर मंदिर निर्माण की तस्वीरें जारी करता रहता है।




