City NewsRegional

पटना में दूध के 400 रु को लेकर खूनी संघर्ष, तीन लोगों की गोली मारकर हत्या

पटना। दूध के बकाए रुपये को लेकर पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के सुरंगापर गांव में गुरुवार देर रात तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय प्रदीप कुमार, 50 वर्षीय जय सिंह और शैलेश कुमार के रूप में हुई है। एक युवक गंभीर रूप से जख्मी है। उपचार के लिए एनएमसीएच भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी, फतुहा डीएसपी सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव में तनाव है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में गोतिया हैं। प्रथम दृष्टया यह बात सामने आ रही है कि एक पक्ष से प्रदीप थे, जबकि दूसरे से जय सिंह थे। फिलहाल, वहां मौजूद पुलिस अभी कुछ भी बोलने से बच रही है। एसएसपी राजीव मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि बकाया रुपये को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था।

दोनों पक्षों की ओर से गोली चलने की बात सामने आ रही है। गोली लगने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ में स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि दोनों पक्षों के बीच बकाया राशि को लेकर एक साथ बैठाकर बातचीत कर विवाद को सुलझाने की बात भी हुई थी। पंचायत भी होनी थी, लेकिन बात शुरू होने के पहले ही विवाद हो गया। फिलहाल, पुलिस बकाया के साथ ही जमीनी विवाद के बिन्दुओं पर भी जांच कर रही है। इधर, घटना के बाद अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH