जम्मू। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सेना के जवानों ने मुठभेड़ के बाद तीसरे आतंकी को भी मार गिराया है। भारतीय सेना ने इससे पहले राजौरी में दो आतंकियों को ढेर किया था। सेना की ओर से इन दोनों आतंकियों के फोटो भी जारी किए गए थे।
सेना के शीर्ष अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ तब शुरू हुई जब पुलिस और सेना की संयुक्त टीमों ने यूआरआई के हथलंगा इलाके में एलओसी के पास खुफिया सूचनाओं के आधार पर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने आगे बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों ने फोर्स पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई शुरू की गई।
ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि संयुक्त बलों ने तीन आतंकवादियों को मारकर उरी में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया है। सेना के प्रवक्ता ने आगे बताया कि दो आतंकवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि आसपास के क्षेत्र में पाकिस्तानी चौकी से गोलीबारी के कारण एक शव अभी बरामद नहीं किया जा सका है।




