City NewsUttar Pradesh

खुर्जा के हिस्ट्रीशीटर आरिफ पहलवान की अवैध फैक्ट्री कुर्क, 1.68 करोड़ रु आंकी गई कीमत

बुलंदशहर/खुर्जा। उप्र के खुर्जा के हिस्ट्रीशीटर आरिफ पहलवान पर प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। खुर्जा के इस्लामाबाद गांव में स्थित उसकी अवैध फैक्टरी को कल रविवार को कुर्क कर लिया गया है। कुर्क फैक्टरी की कीमत 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस दौरान खुर्जा देहात और कोतवाली पुलिस मौजूद रही।

कुर्की से पहले पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ मुनादी भी कराई। इससे पहले जुलाई 2022 में उसके मकान की कुर्की की गई थी। सीओ वरुण कुमार सिंह ने बताया कि इस्लामाबाद गांव निवासी आरिफ पहलवान उर्फ हाजी आरिफ बुलंदशहर जेल में बंद है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में गोकशी, गोतस्करी, हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, मारपीट, बलवा, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 51 मुकदमे दर्ज हैं।

जिलाधिकारी के आदेश पर गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप अधिनियम के तहत उसकी गांव इस्लामाबाद में स्थित करीब एक करोड़ 68 लाख रुपये कीमत की भूमि (1113 वर्ग मीटर क्षेत्रफल) पर बनी अवैध फैक्टरी को कुर्क किया गया है। उसकी अन्य संपत्तियों की भी जांच चल रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले जुलाई 2022 में तत्कालीन SDM लवी त्रिपाठी की मौजूदगी में हिस्ट्रीशीटर आरिफ के इस्लामाबाद गांव में स्थित दो करोड़ पांच लाख रुपये की कीमत के मकान व समान को कुर्क किया गया था। इस दौरान उसकी पत्नी जेबा की संपत्ति भी कुर्क की गई थी। साल 2021 में खुर्जा नगर में स्थित शेखपैन मोहल्ला स्थित डेढ़ करोड़ रुपये के मकान व समान की कुर्की की गई थी।

जिला प्रशासन की ओर से लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। दो दिन पहले सलेमपुर थाना क्षेत्र में अपराधी की साढ़े 22 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी। सिकंदराबाद, डिबाई, शिकारपुर और गुलावठी समेत विभिन्न थानो में छह महीने में 15 से अधिक अपराधियों की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।

हिस्ट्रीशीटर आरिफ पहलवान पर करीब पांच वर्ष पूर्व खुर्जा क्षेत्र के एक थाने में एसी लगवाने व पुलिस की मदद करने का भी आरोप लगा था। उस दौरान संबंधित थाने पर तैनात एक सिपाही का उगाही का पर्चा वायरल हुआ था। उसमें आरिफ की ओर से थाने पर AC लगवाने और अन्य काम करवाने की जानकारी अंकित थी। तत्कालीन SSP ने मामला संज्ञान में आने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।

करीब 15 साल पहले आरिफ ने राजनीति में भी कदम बढ़ाया था लेकिन उसकी सियासी पारी परवान नहीं चढ़ सकी। कई साल पहले पिस्टल के साथ महिला को डांस कराते हुए उसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH