SpiritualTop News

इस तारीख से शुरू है छठ पूजा का चार दिवसीय पर्व, जानें नहाय-खाय, खरना सहित अन्य सभी तारीखें

नई दिल्ली। लोक आस्था के पर्व छठ पूजा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। यह पर्व चार दिनों तक चलता है। पंचाग के अनुसार छठ पूजा का यह पावन पर्व हर साल कार्तिक मास में शुक्ल पक्ष की षष्ठी को मनाया जाता है। छठ पूजा का व्रत संतान की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य की कामना के लिए रखा जाता है। यह सबसे कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। 36 घंटों तक कठिन नियमों का पालन करते हुए इस व्रत को रख जाता है।

छठ पूजा का व्रत रखने वाले चौबीस घंटो से अधिक समय तक निर्जल उपवास रखते हैं। छठ पर्व का मुख्य व्रत षष्ठी तिथि को रखा जाता है, लेकिन चार दिनों चलने वाला यह पर्व चतुर्थी से आरंभ होकर सप्तमी तिथि को प्रातः सूर्योदय के समय अर्घ्य देने के बाद समाप्त होता है।

छठ पूजा 2023 कब है?

इस साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि की शुरुआत 18 नवंबर दिन शनिवार को सुबह 09 बजकर 18 मिनट से हो रही है। इस तिथि का समापन अगले दिन 19 नवंबर दिन रविवार को सुबह 07 बजकर 23 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार छठ पूजा 19 नवंबर को है।

कब है नहाय-खाय 2023?

लोक आस्था का यह महापर्व चार दिन तक चलता है। इसका पहला दिन नहाय-खाय होता है। इस साल नहाय-खाय 17 नवंबर को है। इस दिन सूर्योदय 06 बजकर 45 मिनट पर होगा। वहीं सूर्यास्त शाम 05 बजकर 27 मिनट पर होगा।

खरना की तारीख

खरना छठ पूजा का दूसरा दिन होता है। खरना इस साल 18 नवंबर को है। इस दिन का सूर्योदय सुबह 06 बजकर 46 मिनट पर और सूर्यास्त शाम 05 बजकर 26 मिनट पर होगा।

संध्या अर्घ्य का समय

छठ पूजा का तीसरा दिन संध्या अर्घ्य का होता है। इस दिन छठ पर्व की मुख्य पूजा की जाती है। इस दिन व्रती घाट पर आते हैं और डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस साल छठ पूजा का संध्या अर्घ्य 19 नवंबर को दिया जाएगा। 19 नवंबर को सूर्यास्त शाम 05 बजकर 26 मिनट पर होगा।

उगते सूर्य को अर्घ्य देने का समय

चौथा दिन यानी सप्तमी तिथि छठ महापर्व का अंतिम दिन होता है। इस दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और व्रत का पारण का होता है। इस साल 20 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन सूर्योदय 06 बजकर 47 मिनट पर होगा।

छठ पूजा कैलेंडर 2023

छठ पूजा का पहला दिन     नहाय-खाय    17 नवंबर, दिन शुक्रवार

छठ पूजा का दूसरा दिन     खरना (लोहंडा) 18 नवंबर, दिन शनिवार

छठ पूजा का तीसरा दिन     छठ पूजा, संध्या अर्घ्य  19 नवंबर, दिन रविवार

छठ पूजा का चौथा दिन      उगते सूर्य को अर्घ्य, पारण    20 नवंबर, दिन सोमवार

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH