Uttarakhand

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम बदल गया है। कल से ही धूप बादलों के साथ लुका छुपी का खेल खेल रही है और आज बादलों ने आसमान को अपनी आगोश में ले लिया है। सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हिमपात हो सकता है। आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है। जिससे तापमान में गिरावट आने और पहाड़ से मैदान तक कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।

सोमवार को वर्षा-बर्फबारी के साथ ही ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को भी प्रदेश में कहीं-कहीं बादलों का डेरा रह सकता है। वहीं रुड़की में बीते दिन यानी रविवार को धूप खिलने के साथ ही दिनभर बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी होती रही। ऐसे में दोपहर में भी लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। शहर व आसपास के क्षेत्रों में रविवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह के समय तो मौसम साफ रहा, धूप भी खिली लेकिन फिर कुछ देर बाद ही बादलों की आवाजाही शुरू हो गई।

मौसम परिवर्तन होने के चलते शहर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को मौसम साफ रहेगा लेकिन बीच-बीच में हल्के बादलों की आवाजाही होने का भी पूर्वानुमान है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH